

जगदलपुर। लगातार नक्सलियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास के बीच अब नक्सल संगठन के पूर्वी रीजनल ब्यूरो का नया बयान सामने आया है। झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय यह ब्यूरो अब लड़ाई जारी रखने का ऐलान कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बयान के पीछे वरिष्ठ नक्सल नेता मिशिर बेसरा का नाम सामने आया है, जिसे इस क्षेत्र का सबसे प्रभावशाली कमांडर माना जाता है। बेसरा और उसके संगठन ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना में हो रहे नक्सल आत्मसमर्पण की कड़ी निंदा की है। बयान में कहा गया है कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी “संगठन के गद्दार” हैं और वे राज्य सरकार की नीति के जाल में फंस गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह बयान नक्सल संगठन की घटती ताकत और आंतरिक हताशा को दर्शाता है। बस्तर से लेकर सीमाई राज्यों तक सुरक्षा बलों की लगातार बढ़त ने नक्सल संगठन की जमीनी पकड़ को कमजोर कर दिया है, जिससे अब संगठन के भीतर असंतोष और अविश्वास बढ़ता जा रहा है।