० कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बस्तर इकाई ने शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर विश्वविद्यालय में नवंबर-दिसंबर सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं बस्तर विभाग संयोजक शैलेष ध्रुव ने बताया कि शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर विश्वविद्यालय बस्तर संभाग का एकमात्र विश्वविद्यालय है, जिसमें संभाग के सातों जिलों के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय परिवारों, किसानों, मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण या सूचना के अभाव में कई विद्यार्थी समय पर परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं।
नगर मंत्री वैभव दास ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि तत्काल बढ़ानी चाहिए, ताकि जो विद्यार्थी किसी कारणवश छूट गए हैं, वे भी परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गजेन्द्र सोनी, नुशांत जोशी, जय पांडे, जयमन मौर्य, प्रेम सागर सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।