बिना पुनर्वास 34 परिवारों को बेघर करना अन्यायपूर्ण, कांग्रेस ने पीड़ितों के समर्थन में खोला मोर्चा – सुशील मौर्य

जगदलपुर। विगत दिनों रेलवे प्रशासन के अधिकारियों द्वारा संजय गांधी वार्ड क्रमांक 34 के पास स्थित मकानों को बिना किसी पुनर्वास या विस्थापन योजना के तोड़ दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई में कुल 34 परिवार बेघर हो गए हैं, जबकि अन्य 7 मकानों को भी नोटिस जारी किया गया है। इसी के विरोध में आज नगर निगम जगदलपुर के समक्ष पुनर्वास और विस्थापन की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार अब गरीबों की छत भी छीनने का काम कर रही है।प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर गरीब के सिर पर छत होगी, लेकिन यहां तो गरीबों के सिर से ही छत छीनी जा रही है। उन्होंने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना, पुनर्वास नीति या विस्थापन योजना के रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई की, जिसके कारण सभी 34 परिवार स्थायी रूप से बेघर हो गए हैं। यह कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है और कांग्रेस पार्टी इन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मौर्य ने आगे कहा कि दीपावली जैसे पावन त्यौहार के समय ये परिवार दर-दर भटकने को मजबूर हैं। यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो यह आंदोलन जारी रहेगा।

वार्ड पार्षद कोमल सेना ने बताया कि हाल के दिनों में रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम क्षेत्र के कई मकानों को अतिक्रमण बताकर तोड़ा जा रहा है, लेकिन प्रभावित परिवारों के लिए कोई वैकल्पिक आवास या विस्थापन की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कई परिवार वर्षों से यहां रह रहे हैं और जल, बिजली, कर जैसी नगर सेवाओं के लिए नियमित भुगतान भी कर रहे हैं। ऐसे में बिना पुनर्वास योजना के अचानक की गई कार्रवाई मानवाधिकारों और न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

कोमल सेना ने मांग की कि संजय गांधी वार्ड में तोड़फोड़ की कार्रवाई को तत्काल रोका जाए, जिनके मकान तोड़े गए हैं उन्हें अस्थायी आवास, भोजन और सहायता दी जाए। यदि यह क्षेत्र अतिक्रमण की श्रेणी में आता है, तो प्रभावित नागरिकों के लिए पुनर्वास और मुआवजा नीति बनाई जाए तथा पूरी घटना की जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भी कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि “रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही न्यायसंगत नहीं है। जिन परिवारों को बेघर किया गया है, उनके लिए सरकार तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था करे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी का यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान वार्ड के प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्षदगण, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *