
0 शहीद कमलेश साहू के अदम्य साहस व राष्ट्रसेवा की भावना को नमन किया
सक्ती। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हसौद के शासकीय कॉलेज के सामने वीर शहीद कमलेश साहू जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस व राष्ट्रसेवा की भावना को नमन किया।
मां भारती के सच्चे सपूत को नमन
श्री साव ने कहा कि, मां भारती के वीर सपूत कमलेश साहू जी ने 13 सितंबर 2023 को नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में हुए आईईडी ब्लास्ट में सर्वोच्च बलिदान दिया। उच्च शिक्षित होने के बावजूद उन्होंने देश सेवा के लिए सशस्त्र बल का मार्ग चुना और मातृभूमि की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
परिजनों का सम्मान कर नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प दोहराया
उप मुख्यमंत्री साव ने अमर शहीद के माता तारा बाई साहू , पिता मुंगेशर प्रसाद साहू ,भाई यशवंत साहू एवं पत्नी बिंदा साहू को शॉल और श्रीफल से सम्मानित किया। उनके अमर बलिदान को नमन करते हुए परिजनों को यह विश्वास दिलाया कि उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। मार्च 2026 तक प्रदेश सहित पूरा देश नक्सल मुक्त होगा। साय सरकार ने बसव राजू जैसे सैकड़ों बड़े नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया है। वहीं हज़ारों नक्सली सरकार के पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने आत्मसमर्पण किया है।