रायपुर पश्चिम में 96 करोड़ की विकास योजनाओं का भूमिपूजन विधायक राजेश मूणत की मेहनत रंग लाई, रायपुर पश्चिम को मिले बड़े तोहफे

0 डिप्टी सीएम अरुण साव ने 70 वार्डों के लिए 50-50 लाख रुपये की घोषणा की

0 रायपुर को मिली 150 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की सौगात, उपमुख्यमंत्री ने 3 ओवरपास का किया शिलान्यास

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को 96 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर नगर निगम के सभी 70 वार्डों में प्रत्येक वार्ड के लिए 50-50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित नगर निगम के पार्षद, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

प्रमुख विकास कार्यों का विवरण

शशिबाला कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शुक्रवारी बाजार – 3.37 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन भवन का लोकार्पण।

ठक्कर बापा वार्ड (दीक्षा नगर) – 19.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पानी की टंकी, पाइपलाइन, घरेलू कनेक्शन और स्काडा सिस्टम सहित जलापूर्ति परियोजना का भूमिपूजन। इससे लगभग 75 हजार नागरिकों को लाभ होगा।

ओवरपास निर्माण कार्य – जरवाय मार्ग (बंगाली होटल के पास) में 23.89 करोड़ रुपये और हीरापुर चौक (रिंग रोड-2) में 49.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्यों का भूमिपूजन।

राजेश मूणत ने कांग्रेस पर साधा निशाना

विधायक राजेश मूणत ने कहा विष्णुदेव साय सरकार में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से आज गरीबों के घरों तक पानी पहुंचेगा। यह क्षेत्र वर्षों से पिछड़ा हुआ था। कांग्रेस के शासनकाल में पाइपलाइन के ऊपर लाइफलाइन बिछा दी गई थी, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित रही। भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने वस्तुस्थिति तुरंत प्रस्तुत की और गरीबों तक पानी पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि पानी की टंकी की मांग उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के समक्ष रखी थी। राजेश मूणत ने कहा रायपुर में विकास की श्रृंखला शुरू हो गई है। कांग्रेस शासनकाल में नगर निगम के उद्यानों और तालाबों में व्यवसायिक चौपाटियां बना दी गई थीं, लेकिन अब महापौर मीनल चौबे ने इसका निराकरण किया है।

बृजमोहन अग्रवाल बोले – विकास की बरसात शुरू

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा आप सभी ने भाजपा को लोकसभा, नगर निगम और विधानसभा चुनावों में विजयी बनाया। आज इसी का परिणाम है कि रायपुर पश्चिम में 75 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शुरू हो रहे हैं। कांग्रेस शासनकाल में पांच साल ठन-ठन गोपाल था, अब विकास की बरसात शुरू हो गई है।”

उन्होंने राजेश मूणत के पिछले 15 वर्षों में किए गए विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि अब रायपुर को कमल के फूल की तरह सुंदर और चमकदार बनाना है।

अरुण साव की घोषणा – निगम को 462 करोड़, पश्चिम को 59 करोड़

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा आज सप्तमी का पावन पर्व है और इसी दिन जलागार के लिए भूमिपूजन हुआ। कांग्रेस के शासनकाल में पांच साल विकास ठहर गया। भाजपा की सरकार बनने के बाद रायपुर समेत पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।”

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद रायपुर नगर निगम को 462 करोड़ रुपये और रायपुर पश्चिम विधानसभा को 59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग से रायपुर के लिए कई सौ करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

महापौर मीनल चौबे ने जताया आभार

महापौर मीनल चौबे ने कहा यह केवल पानी की टंकी का भूमिपूजन नहीं है, बल्कि वर्षों पुरानी जनमांग की पूर्ति है। भाजपा सरकार बनने के बाद विकास की गंगा बह रही है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है और आज उसी उद्देश्य की पूर्ति हो रही है।

उन्होंने स्थानीय विधायक राजेश मूणत और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि भाजपा शासन में रायपुर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

रायपुर ग्रामीण को भी 43 करोड़ की योजनाओं की सौगात

इसी दिन रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी 43.76 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ। कार्यक्रम सरोरा चौक (रिलायंस पेट्रोल पंप के पास) में आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी उपस्थित रहे।

विधायक मोतीलाल साहू ने कहा यह मेरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उपमुख्यमंत्री ने जनता की वर्षों पुरानी मांगों को गंभीरता से लिया और इन कार्यों की स्वीकृति दी।

विधायक सुनील सोनी ने कहा भाजपा सरकार रायपुर के हर क्षेत्र को साथ लेकर चल रही है। ग्रामीण क्षेत्र की अनदेखी अब अतीत की बात है। विकास अब शहर से गांव तक पहुंचेगा।

रायपुर पश्चिम के लिए शनिवार का दिन राजधानी के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित हुआ। भाजपा सरकार की प्राथमिकता अब स्पष्ट रूप से धरातल पर दिखाई देने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *