बीजापुर पुलिस ने चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान

बीजापुर। साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करने हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में जिला बीजापुर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में जिला साइबर सेल प्रभारी विवेकानंद पटेल और उनकी टीम द्वारा नागरिकों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना कोतवाली बीजापुर में व्यापारी संघ के सदस्य एवं नगरवासियों को साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। नागरिकों को किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर पर विश्वास नहीं करना चाहिए और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा ने नागरिकों को सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अजनबियों से मित्रता कर व्यक्तिगत जानकारी साझा करना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

साइबर सेल प्रभारी विवेकानंद पटेल ने बताया कि जिले में ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसके मद्देनजर साइबर सेल लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है, जिसमें नागरिकों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।

जिला पुलिस बीजापुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क और जागरूक रहें तथा साइबर अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *