० महापौर और अध्यक्ष को आवेदन दिया पार्षद दल ने
० 26 सितंबर को विशेष सत्र का आयोजन : संजय पांडे
जगदलपुर। भारत सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में सरलीकरण एवं कटौती की जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए नगर निगम जगदलपुर के पार्षद दल ने महापौर संजय पांडे को विशेष बैठक बुलाकर अभिनंदन प्रस्ताव पारित करने हेतु आवेदन सौंपा है।
पार्षदों ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा जीएसटी की दरों में बड़ा सुधार किया गया है। मौजूदा 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत दरों को घटाकर अब केवल दो स्लैब में 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत में लाया गया है। वहीं 28 प्रतिशत स्लैब की वस्तुओं पर लागू क्षतिपूर्ति उप कर को समाप्त कर दिया गया है। पार्षद दल ने कहा कि यह कदम आम जनता, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए राहतकारी साबित होगा। साथ ही छोटे व्यापारियों और व्यवसायों के लिए कारोबार की सुगमता बढ़ेगी। इससे भारत की अर्थ व्यवस्था को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। पार्षद दल ने महापौर संजय पांडे से विशेष बैठक यथाशीघ्र बुलाकर अभिनंदन प्रस्ताव पारित करने की अनुशंसा की है।
26 को होगी बैठक: मेयर
महापौर संजय पांडे ने बताया कि पार्षदों की मांग पर 26 सितंबर शुक्रवार को सुबह 11 बजे निगम कार्यालय के सभा कक्ष में निगम अध्यक्ष द्वारा विशेष सत्र बुलाया गया है महापौर संजय पांडे ने यह भी कहा कि नवरात्रि के बाद नगर निगम से संबंधित एजेंडे पर शीघ्र ही आम सम्मेलन बुलाया जाएगा। निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन ने कहा सभी पार्षदों से निवेदन किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए सभी पार्षद उपस्थित रहें।
इन पार्षदों ने दिया आवेदन
आवेदन सौंपने वालों में नगर निगम अध्यक्ष व पार्षद खेमसिंह देवांगन, योगेंद्र पांडे, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा, राणा घोष, सुरेश प्रसाद गुप्ता, नेहा ध्रुव, गायत्री बघेल, खगेंद्र सिंह ठाकुर, पितामह नायक, माया नाग, आशा साहू, उर्मिला यादव, हरीश पारख, पूनम सिन्हा, नरसिंह राव, यशवंत ध्रुव, पारुल बोथरा, आलोक अवस्थी, गिरिजा गुप्ता, रोशन सिसोदिया, उमा मिश्रा, संतोष गौर, कुबेर नाथ देवांगन, दिलीप दास, श्याम सुंदर बघेल, बसंती समरथ सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।