रायपुर। संभागायुक्त आईएएस महादेव कावरे के नेतृत्व में रायपुर संभागायुक्त न्यायालय और अपर आयुक्त न्यायालय में विशेष अभियान चलाकर 2607 निराकृत प्रकरणों को अभिलेख कोष्ठ में जमा कराया गया है। वर्तमान में सभी प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज कर कार्यवाही डिजिटल रूप से की जा रही है।
प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संभागायुक्त ने सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार) स्वयं सुनवाई और मंगलवार व गुरुवार को अपर आयुक्त द्वारा सुनवाई का रोस्टर निर्धारित किया है। बीते एक वर्ष में कुल 2426 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। निराकृत प्रकरणों के आदेश ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं, जिन्हें केस नंबर के माध्यम से अपीलार्थी या उत्तरवादी देख सकते हैं।
प्रकरणों की स्थिति जानने के लिए राजस्व विभाग की वेबसाइट https://revenue.cg.nic.in पर “प्रकरण खोजें” विकल्प में प्रकरण क्रमांक डालकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, आदेशित प्रकरणों की आदेश प्रति डाउनलोड भी की जा सकती है।
प्रकरण पंजीयन के दौरान अपीलार्थी, उत्तरवादी और अधिवक्ताओं के मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे प्रकरण क्रमांक और आगामी पेशी तिथियों की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है। प्रतिदिन की कार्यवाही की ऑर्डरशीट भी ऑनलाइन अपलोड की जा रही है।
पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए संभागायुक्त द्वारा साप्ताहिक सुनवाई की जा रही है, जिससे न्यायालय में लंबित मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित हो रहा है।