जगदलपुर। नगर निगम की भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण को लेकर कांग्रेस पार्षददल ने आज बस्तर संभाग आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना की अगुवाई में कांग्रेस पार्षददल ने नगर सरकार द्वारा समाज विशेष को भूमि आबंटन के निर्णय का विरोध जताया।
कोमल सेना ने बताया कि प्रतापगंज पारा स्थित शासकीय भूमि (शीट नंबर 78, प्लॉट नंबर 108) पर शहर के बढ़ते परिवहन एवं व्यवसाय को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग की आवश्यकता है। मेन रोड पर पार्किंग की कमी के कारण जनता और व्यापारी दोनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर सरकार जनता हित के विपरीत निर्णय कर रही है और यह भूमि आम जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
प्रभारी महामंत्री व पार्षद जाहिद हुसैन ने चेतावनी दी कि यदि नगर सरकार भूमि को जनता हित के लिए आवंटित नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्षददल जनता के बीच से लेकर नगर निगम तक विरोध दर्ज कराने के लिए मजबूर होगी और आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन भी कर सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद सूर्यापानी, गौतम पाणिग्रही, अफरोज बेगम, रंगा राव, कैलाश नाग, जस्टिन भवानी, रविशंकर तिवारी, आभाष महंती, संदीप दास, तरनजीत सिंह और उस्मान रजा सहित अन्य मौजूद रहे।