संविदा शिक्षकों की दो सूत्रीय मांगों पर शिक्षा मंत्री से चर्चा, समाधान का दिया आश्वासन

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल दुर्ग जिले की सेजेस अहिवारा इकाई के साथ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मिला। इस दौरान प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी दो प्रमुख मांगें रखीं।

संघ ने पहली मांग के रूप में नियमित वेतनवृद्धि और वेतनमान निर्धारण पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि संविदा शिक्षक और कर्मचारी पूर्णकालिक कार्य कर रहे हैं, इसलिए उन्हें वार्षिक वेतनवृद्धि की व्यवस्था और योग्यता-अनुभव के अनुसार उचित वेतनमान मिलना चाहिए। साथ ही “समान कार्य के लिए समान वेतन” का सिद्धांत लागू करने की आवश्यकता बताई गई।

दूसरी मांग में संघ ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का शिक्षा विभाग में समावेशन और नियमितीकरण की बात रखी। उनका कहना था कि इससे सेवा में स्थायित्व आएगा और कर्मचारी निश्चिंत होकर शिक्षा की गुणवत्ता में योगदान दे सकेंगे।

मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया और कहा कि मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

संघ ने विश्वास जताया कि मंत्री के प्रयासों से संविदा शिक्षकों व कर्मचारियों की लम्बे समय से लंबित समस्याओं का समाधान जल्द ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *