
रायपुर। राजधानी के डांगनिया स्थित बिजली कार्यालय में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने ताला बंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिजली चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि साय सरकार ने जनता को महंगी बिजली दरों, अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से जूझने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना को चुनावी वादे के बावजूद भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया, जिससे आम और मध्यम वर्गीय परिवारों का मासिक बजट चरमरा गया है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही से जगह-जगह तार लटक रहे हैं, ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं और फोन करने पर अधिकारी-कर्मचारी समस्याओं का समाधान नहीं करते। हाल ही में आए तूफान में कई पोल और तार गिरने के बावजूद 48 घंटे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे अव्यवस्था साफ झलकती है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार महंगाई की मार झेल रही जनता की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि की भरपाई करने के लिए सरकार बिजली बिलों के माध्यम से जनता को लूट रही है। प्रदर्शन में गिरीश दुबे, आकाश शर्मा, प्रमोद चौबे, कुमार मेनन, सुंदर जोगी, अन्नू साहू, सतनाम पनाग, गौरी शंकर दुबे, मुन्ना मिश्रा, प्रशांत ठेंगड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।