रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन झांकी सोमवार 8 सितंबर की रात पारंपरिक रूट से निकलेगी। शहर में किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। झांकी मार्ग को छह सेक्टरों में बांटकर 800 पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं।
इस बार डीजे और पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। झांकी मार्ग पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस की सादी वर्दी वाली टीम भीड़ में मौजूद रहेगी और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखेगी।
झांकी रूट और ट्रैफिक व्यवस्था
झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा, पुरानीबस्ती से होते हुए लाखेनगर से रायपुरा महादेव घाट तक जाएंगी। श्रद्धालु केवल पैदल ही इस मार्ग से गुजर पाएंगे। उनकी सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
महादेव घाट में विसर्जन के बाद झांकियों में शामिल वाहन अमलेश्वर या भाठागांव होकर लौटेंगे। 9 सितंबर को अमलेश्वर की ओर किसी भी वाहन को खारून नदी पुल से आने की अनुमति नहीं होगी।
शहर में ट्रैफिक डायवर्जन भी रहेगा।
तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जी.ई. रोड होकर टाटीबंध जाने वाले वाहन अब कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 से होकर गुजरेंगे।
फाफाडीह चौक से स्टेशन रोड जाने वाले वाहन चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी होकर निकलेंगे।
कड़ी निगरानी और कार्रवाई
रात आठ बजे तक झांकी मार्ग पर सभी रास्ते बैरिकेड से बंद कर दिए जाएंगे। झांकियां राठौर चौक से गुरुनानक चौक, एम.जी. रोड होते हुए शारदा चौक पहुंचेंगी और यहां से टोकन सिस्टम के जरिए एक-एक कर प्रवेश करेंगी।
सभी सेक्टरों की कमान एएसपी स्तर के अधिकारियों के हाथों में होगी। उनके अधीन टीआई और एसआई निगरानी करेंगे। पुलिस ने साफ किया है कि भीड़ में नशेड़ी, संदिग्ध लोग या प्रतिबंधित चीजें मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।