
0 लालबाग मैदान पर अक्टूबर में होगा भव्य आयोजन
0 स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को मिलेगा मंच
जगदलपुर। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस वर्ष अक्टूबर माह में लालबाग मैदान पर स्वदेशी मेला स्वावलंबन की ओर बढ़ता भारत का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए आज बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें महापौर संजय पाण्डे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, जेआर जगत, सुब्रत चाकी सहित चेंबर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
28 को ब्रोशर का विमोचन
बैठक में तय किया गया कि 28 अगस्त को शाम 5 बजे बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में उद्घोषणा कार्यक्रम एवं ब्रोशर का विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजन समिति की घोषणा, व्यापारिक सहभागिता और विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
लोकल को ग्लोबल बनाने का अवसर : संजय पांडे
महापौर संजय पाण्डे ने बैठक में कहा कि स्वदेशी मेला केवल व्यापार का मंच नहीं होगा, बल्कि यह बस्तर की आत्मा को दर्शाने वाला उत्सव बनेगा। स्थानीय कारीगरों, किसानों और लघु उद्योगों को इसमें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। यह मेला ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को साकार करेगा और स्वावलंबन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मेला बनेगा बस्तर की पहचान
इस आयोजन में स्थानीय हस्तशिल्प, लघु उद्योग, कृषि उत्पाद, पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रदर्शित की जाएंगी। यह मेला न केवल आर्थिक दृष्टि से लाभकारी होगा, बल्कि बस्तर के हुनर, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करेगा। आज जब भारत आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर है, तब ऐसे आयोजनों का महत्व और बढ़ जाता है। बस्तर जैसी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर वाले अंचल में स्वदेशी मेला केवल व्यापारिक अवसर नहीं, बल्कि लोकल से ग्लोबल तक की यात्रा का सेतु बनेगा। यह मेला उन अनगिनत कारीगरों की आवाज बनेगा जिनके हाथों की कला अक्सर सीमित बाजार तक ही रह जाती है। यदि इस आयोजन को सही दिशा और व्यापकता मिली, तो यह निश्चित रूप से बस्तर की तस्वीर बदलने में सहायक सिद्ध होगा।