अनवर खान का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, कहा – प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, भाजपा वोट चोरी के आरोपों से बौखलाई

जगदलपुर। कांग्रेस नेता अनवर खान ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर से लेकर पूरे प्रदेश में हत्या, चाकूबाजी, लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं ने आम जनता के बीच भय का वातावरण बना दिया है। रायपुर में तो हालात इतने खराब हैं कि हत्या और चाकूबाजी आम बात हो चुकी है, लेकिन सरकार और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

अनवर खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। महिलाओं और बच्चियों पर हो रहे अपराधों से प्रदेश शर्मसार है, व्यापारी वर्ग तक भयभीत है। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा भाजपा की विफलता और दोहरे चरित्र को उजागर कर रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में प्रदेश में इतना अराजक माहौल 25 सालों में कभी नहीं देखा गया।

वहीं, वोट चोरी के मुद्दे पर भी अनवर खान ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी के प्रमाण प्रस्तुत किए हैं, जिसके बाद भाजपा तिलमिला गई है और चुनाव आयोग का बचाव कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चुनाव आयोग ने भाजपा को अपना प्रवक्ता नियुक्त कर दिया है?

अनवर खान ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र और संविधान की आत्मा पर हमला है। कांग्रेस ने बिहार की धरती से वोट चोरी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि ‘वन मैन, वन वोट’ के सिद्धांत और संविधान की रक्षा का संग्राम है।

उन्होंने एलान किया कि कांग्रेस पूरे देश में स्वच्छ मतदाता सूची बनवाने के लिए कृतसंकल्प है और इस बार “वोट चोरों की हार, जनता की जीत और संविधान की जीत” होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *