शराब का अंतिम संस्कार…

बकावंड। नशा शराब में होता तो, नाचती बोतल…. फिल्म शराबी का यह गीत बेहद लोकप्रिय है, खासकर शराबियों के बीच। आज भी कुछ लोग दो चार पैग चढ़ा लेने के बाद यह गीत गाते नजर आते हैं और खुद को अमिताभ बच्चन समझने का मुगालता पाल लेते हैं। खैर ये अलग बात है, मगर शराब की बोतलें पुलिस और आबकारी महकमे को जरूर खूब नचाती हैं। ऎसी तमाम शराब भरी बोतलों का आज बकावंड ब्लॉक मुख्यालय में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दरअसल बकावंड में आज आबकारी विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जप्तशुदा सैकड़ों बोतल शराब के नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। शराब की ये बोतलें बकावंड थाना, बस्तर थाना, करपावंड थाना एवं कोतवाली थाना जगदलपुर जगदलपुर द्वारा तस्करों और शराब कोचियों से जप्त की गईं थीं और लंबे समय से थानों में रखी हुई थीं। जिला प्रशासन की अनुमति लेकर आज बकावंड में एक बड़े मैदान पर विशाल कब्र खोदकर शराब की इन बोतलों को दफना दिया गया। एसडीएम, तहसीलदार एवं समस्त थानों के प्रभारियों की मौजूदगी में शराब का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीण भरी हुई बोतलों को लपकने की कोशिश करते भी नजर आए। ऐसे में आशंका है कि लोग कब्र खोदकर शराब की बोतलों को निकाल ले जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *