रायपुर। संस्कारधानी रायपुर की ऐतिहासिक धरती गुढ़ियारी इस बार फिर भव्य आयोजन की गवाह बनेगी। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर 16वां दही-हांडी उत्सव 17 अगस्त 2025, रविवार शाम 4 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में आयोजित होगा।
संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष विजेता गोविंदा टोली को 11 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 50 सदस्यीय टोली के लिए 11 हजार और 100 सदस्यीय टोली के लिए 21 हजार रुपये की सांत्वना राशि रखी गई है। यह इनामी राशि इस आयोजन को प्रदेश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित दही-हांडी उत्सव बनाती है।
देशभर से आएंगी गोविंदा टोलियां
इस आयोजन की लोकप्रियता अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है। इस बार छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और कवर्धा सहित 25 से अधिक स्थानीय टोलियां पंजीकृत हो चुकी हैं, जिनमें कई महिला टोलियां भी शामिल हैं। साथ ही ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से भी प्रसिद्ध गोविंदा टोलियां अपनी कला का प्रदर्शन करने आ रही हैं। प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क होगी।
मनोरंजन में जुड़ेंगे सितारे
दर्शकों और प्रतिभागियों के उत्साह को दोगुना करने के लिए इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन, भजन गायिका गीता बेन रबारी, और राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त छत्तीसगढ़ी गायिका पूनम-दिव्या तिवारी मंच पर प्रस्तुति देंगी। ओडिशा के कलाकार “घंटा बाजा” और ग्रीस युक्त खंभा चढ़ाई प्रतियोगिता से दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
छोटे आयोजन से भव्य परंपरा तक
बसंत अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन 2010 में महावीर स्कूल के पास छोटे स्तर से शुरू हुआ था, जिसमें सिर्फ मोहल्ले की कुछ टोलियां शामिल होती थीं। आज यह प्रदेश का सबसे बड़ा दही-हांडी उत्सव बन चुका है। कोरोना काल में दो साल ठप रहने के बाद यह अपने 16वें संस्करण में लौट रहा है।
सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था
दर्शकों और टोलियों की सुरक्षा के लिए मैदान में पर्याप्त पुलिस बल, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। बैठने की सुविधा के साथ पूरे आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली के साथ दुर्घटना की स्थिति में उसकी जिम्मेदारी स्वयं टोली की होगी।