रायपुर के SBI शाखा में 17.52 लाख की साइबर ठगी, फर्जी लेटरपैड से ट्रांजेक्शन

रायपुर। राजधानी के रामसागरपारा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में साइबर ठगों ने जालसाजी का बड़ा खेल खेला और 17.52 लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया। घटना का खुलासा होने पर बैंक में हड़कंप मच गया। यह मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

जानकारी के मुताबिक, 8 अगस्त को शाखा प्रबंधक आशुतोष कुमार (निवासी गिरिडीह, झारखंड) को बैंक के पूर्व मैनेजर कार्तिक राउंड का फोन आया। कार्तिक ने बताया कि कृष्णा बिल्डर्स के डायरेक्टर सुनील तापड़िया बैंक के नियमित ग्राहक हैं और उनके कॉल पर सहायता प्रदान की जाए।

11 अगस्त को आशुतोष को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को सुनील तापड़िया बताते हुए कहा कि वह रजिस्ट्री ऑफिस में है और बैंक नहीं आ सकता। कॉलर ने दावा किया कि वह व्हाट्सऐप पर कृष्णा बिल्डर्स के लेटरपैड के साथ एनईएफटी डिटेल भेज रहा है, जिसके आधार पर रकम ट्रांसफर की जाए।

दरअसल, ठगों ने इंटरनेट से कार्तिक का नंबर हासिल कर पहले उसका विश्वास जीता और खुद को सुनील तापड़िया बताया। कार्तिक ने बिना पहचान की पुष्टि किए नए मैनेजर को ग्राहक की जानकारी दे दी। ठगों ने इस कमजोरी का फायदा उठाकर फर्जी लेटरपैड भेजा, जिसके आधार पर 17.52 लाख रुपये राजस्थान के सरफराज अंसारी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

बाद में असली सुनील तापड़िया के फोन से धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। जांच में लेटरपैड फर्जी पाया गया। बैंक ने तत्काल पुलिस को सूचित कर खाता ब्लॉक करवाया। इस दौरान ठग 3 लाख रुपये निकाल चुके थे, जबकि शेष 14 लाख रुपये खाते में फ्रीज कर दिए गए। आजाद चौक पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *