रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में बोरवेल पार्ट्स कारोबारी चिराग जैन द्वारा दर्ज कराई गई 15 लाख रुपये की लूट की शिकायत झूठी निकली। रायपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि चिराग जैन लगातार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस को शक हुआ। सख्त पूछताछ में चिराग ने कबूल किया कि उसने एमसीएक्स में भारी नुकसान और देनदारी के दबाव के चलते यह फर्जी कहानी गढ़ी थी। अब पुलिस ने चिराग के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के लिए एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दे कि चिराग जैन, जो सेक्टर-5, देवेंद्र नगर में श्री इंटरप्राइजेज के संचालक हैं, ने 11 अगस्त 2025 को पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बाइक सवारों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोककर 15 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठियां लूट लीं। शिकायत के आधार पर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 टीमें गठित कीं, शहरभर में नाकेबंदी की और 700 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान 3 संदेहियों के खिलाफ लूट की धाराओं में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
लेकिन चिराग के बार-बार बदलते बयानों ने पुलिस का शक गहरा दिया। पूछताछ में चिराग ने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक तंगी और देनदारी से बचने के लिए लूट की फर्जी कहानी बनाई थी। अब पुलिस इस फर्जी शिकायत के आधार पर चिराग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।