हेरोईन तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 महिला सहित 3 आरोपियों को 6.42 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 अगस्त 2025 को नेहरू नगर के बूढ़ातालाब कंटेनर के पास की गई। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एक सप्ताह पहले थाना टिकरापारा में 412 ग्राम हेरोईन के साथ 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

11 अगस्त 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि नेहरू नगर, बूढ़ातालाब कंटेनर के पास एक महिला और दो पुरुष हेरोईन की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, क्राइम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली केशरीनंदन नायक, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद जाहिद, साहिल रजा और अफजिया अख्तर उर्फ मेहक बताया। तलाशी में उनके पास से 6.42 ग्राम हेरोईन और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1,20,000 रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. मोहम्मद जाहिद (33 वर्ष), निवासी संजय नगर, मदनी चौक, थाना टिकरापारा, रायपुर

  2. साहिल रजा (25 वर्ष), निवासी संजय नगर, गौसिया चौक, थाना टिकरापारा, रायपुर

  3. अफजिया अख्तर उर्फ मेहक (21 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, चांदनी चौक, थाना कोतवाली, रायपुर

आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 165/25, धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *