जगदलपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: टावर कंपनियों को 84 लाख से अधिक का शुल्क जमा करने का नोटिस

0 सर्वाधिक 41 लाख रुपए इंडस कंपनी पर बकाया
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर ने शहर में संचालित मोबाइल टॉवर कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 लाख से अधिक की बकाया राशि वसूलने के लिए डिमांड नोटिस जारी किया है। निगम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समय सीमा में शुल्क जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित टॉवरों को अवैध घोषित कर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इंडस टावर को 40 लाख 95 हजार का डिमांड नोटिस दिया गया है। शहर में इंडस के 15 टॉवर स्थापित हैं। एटीसी कंपनी को 38 लाख का शुल्क जमा करने का निर्देश दिया गया है, जिसके 10 टॉवर शहर में स्थित हैं। जिओ कंपनी को 5 लाख 40 हजार का डिमांड थमाया गया है। जिओ के 18 टॉवर जगदलपुर में स्थापित हैं। वहीं बीएसएनएल के 21 टॉवर भी शहर में संचालित हैं, जिन पर भी जल्द शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम द्वारा बीएसएनएल को 31.50 लाख का शुल्क डिमांड नोट जारी किया गया था।बीएसएनएल द्वारा अब तक 26.50 लाख की राशि जमा की जा चुकी है। शेष राशि की वसूली हेतु निगम द्वारा संबंधित अधिकारियों को नोटिस भेजा गया है।

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब तक निर्धारित शुल्क जमा नहीं होता, तब तक नए टॉवर लगाने पर रोक लगी रहेगी। इस कार्रवाई को महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन, आयुक्त प्रवीण वर्मा के निर्देशन तथा राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया है। निगम के सब इंजीनियर दीपांशु देवांगन का विशेष योगदान रहा। नगर निगम ने सभी टॉवर कंपनियों को चेतावनी दी है कि शुल्क जमा करने में लापरवाही बरतने पर उनके टावर अवैध घोषित किए जाएंगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *