बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। छत्तीसगढ़ सरकार की “नियद नेल्लानार” योजना और पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर 9 कुख्यात इनामी माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों पर कुल 24 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वाले ये माओवादी लंबे समय से फायरिंग, आईईडी विस्फोट, आगजनी और अन्य संगीन अपराधों में शामिल रहे हैं। आत्मसमर्पण की प्रक्रिया बीजापुर में आयोजित एक विशेष समारोह में संपन्न हुई, जिसमें सीआरपीएफ के डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेन्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
सरकार की पुनर्वास नीति के अंतर्गत, आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक माओवादी को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 277 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके अलावा, 310 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, और 131 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।