महाराष्ट्र से आए दो शातिर चोर गिरफ्तार, राजधानी के आधा दर्जन फ्लैटों में कर चुके थे लाखों की चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में आधा दर्जन फ्लैटों में बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो अंतर्राज्यीय शातिर चोरों को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जो घूम-घूमकर फ्लैटों को निशाना बनाते थे और वारदात के तुरंत बाद फरार हो जाते थे। इनकी गिरफ्तारी अम्बिकापुर से की गई, जिनके पास से ₹6.20 लाख के मशरूका सहित चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया है।

फ्लैटों को बना रहे थे टारगेट, वारदात के बाद हो जाते थे गायब

पिछले कुछ दिनों में आमानाका, कबीर नगर और न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्रों में फ्लैटों में लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही थीं। जांच में सामने आया कि चोर सुनसान फ्लैटों को चिन्हित कर ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, घड़ियाँ, मोबाइल और नगदी पार कर रहे हैं।

तीन FIR, एक ही तरीका-वारदात

  • थाना आमानाका: प्रार्थी पगाटिका कलवा वेकेंटश्वरलु के फ्लैट से ₹3 लाख से अधिक के जेवरात चोरी।

  • थाना कबीर नगर: प्रार्थी लोकनाथ देवांगन के रॉयल रेजिन्सी स्थित फ्लैट में सेंधमारी कर जेवरात व नगदी की चोरी।

  • थाना न्यू राजेन्द्र नगर: प्रार्थिया भावना यदु और अनिश कुमार के फ्लैटों में एक ही रात में ताले तोड़कर लाखों की चोरी।

तीनों घटनाएं एक ही पैटर्न पर होने के कारण पुलिस ने बाहरी गिरोह की संभावना को लेकर विशेष जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों की सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण से पकड़ाए आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट सहित शहर के विभिन्न थानों की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज, होटल/लॉज की चेकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई।

अम्बिकापुर में हुई गिरफ्तारी, खुलासा चौकाने वाला

जैसे ही आरोपियों की लोकेशन अम्बिकापुर में मिली, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम:

  1. विनोद सन्नी गौर (उम्र 22), निवासी बालाजी नगर, भोसरी, पुणे

  2. रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख (उम्र 20), निवासी कोहिनूर सिटी, कुरला वेस्ट, नई मुंबई

बताया। दोनों ने फ्लैटों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

बरामद मशरूका: जेवर, घड़ियाँ और आईफोन

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • सोने के जेवरात – 36 ग्राम

  • चांदी के जेवरात – 843 ग्राम

  • 09 घड़ियाँ, 01 आईफोन, 03 मोबाइल फोन

कुल ₹6,20,000/- कीमती सामान बरामद किया है। इसके अतिरिक्त चोरी की अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं, जिनमें आगे FIR दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *