अब धरोहर और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़े महापौर संजय पाण्डेय के कदम

०  ऐतिहासिक दलपत सागर का खोया वैभव लौटाने बेहतरीन पहल का आगाज

0 अब फिर से हिलोरें मारेगी जलाशय की जल राशि 

(अर्जुन झा) जगदलपुर। शहर को नीट एंड क्लीन बनाने के लिए हाड़तोड़ मेहनत करते आ रहे जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय पर्यावरण और शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण संवर्धन की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। अपने चुनावी वादे के मुताबिक संजय पाण्डेय ने प्राचीन धरोहर दलपत सागर का खोया वैभव लौटाने के लिए कमर कस चुके हैं। दलपत सागर से जलकुंभी हटाने का अभियान डेमो के रूप में शुरू कर दिया गया है। शहर के प्रमुख जलस्रोत दलपत सागर को जलकुंभी मुक्त करने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। दलपत सागर से जलकुंभी हटाने के कार्य की डेमो प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ की गई है। पिछले दो दिनों से महापौर संजय पाण्डे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तकनीकी अमलों के साथ इस डेमो के माध्यम से तकनीकी प्रक्रिया और संसाधनों का परीक्षण कर रहे हैं, ताकि बड़े पैमाने पर चलने वाले इस अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए। नगर निगम का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पहल है, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ जलस्रोत उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जल्द ही इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, समाज प्रमुखों और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। नगर निगम द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर इसे आंदोलन के रूप में लिया जाएगा।

दलपत सागर को स्वच्छ और जलकुंभी मुक्त बनाने के इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। आज की डेमो कार्रवाई के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, विमल पाण्डे, सहित नगर निगम का तकनीकी अमला उपस्थित रहा। उल्लेखनीय है कि महापौर संजय पाण्डेय अपनी सेहत, अपने परिवार की फिक्र छोड़कर शहर की अवाम को स्वच्छ और स्वास्थ्य वर्धक वातावरण उपलब्ध कराने लगातार काम कर रहे हैं। वे स्वयं नगर निगम के सफाई अमले के साथ घर घर और दुकान दुकान जाकर अपने हाथों से सूखा और गीला कचरा अलग कर डस्टबिन में रखते हैं और लोगों को समझाईश भी लगातार देते हैं। मेयर चुने जाने के बाद से महापौर संजय पाण्डेय जगदलपुर शहर को ग्रीन, नीट एंड क्लीन बनाने के मिशन में जुटे हुए हैं। उनका फोकस नगर के समग्र विकास के साथ ही स्वच्छता पर भी है। वे अक्सर हाथों में झाडू लेकर शहर के गली कूंचों की सफाई के लिए निकल पड़ते हैं। उनके नेतृत्व में नगर में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। महापौर संजय पाण्डे घर-घर दस्तक देकर जिन घरों और दुकानों में गीला और सूखा कचरा एक साथ मिला पाते हैं, वहां स्वयं महापौर अपने हाथों से छांट छांट कर सूखे एवं गीले कचरे को अलग अलग डस्टबिन तथा नगर निगम के कचरा वाहन में डालते हैं। नगर के प्रथम नागरिक को ऐसा करते देख लोग प्रेरित हो रहे हैं और अब गीला एवं सूखे कचरे को अलग अलग डिब्बो में जमा करने लगे हैं। महापौर संजय पाण्डेय के इस मिशन में नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वच्छता एम्बेसडर रामनरेश पांडे, संतोष कुमार नाग, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंधारी, पार्षद उर्मिला यादव, पूर्व पार्षद राजपाल कसेर, वार्डवासी गोविंद पाल, रामचंद्र शाहा, देवेंद्र देवांगन, पप्पू वर्मा, राजेंद्र पांडे, श्रीपाल, डॉ. मनोज पाणिग्रही, गणमान्य नागरिक, नगर निगम स्टाफ रुपेश बिजोरा, दामोदर कुमार भी बराबर भागीदार बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *