
0 आक्रोश पनप रहा है भोपालपटनम के लोगों में
(मुरुगेश कुमार शेट्टी) भोपालपटनम। बीजापुर जिले की भोपालपटनम नगर पंचायत में ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते नागरिकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सांस्कृतिक भवन के सामने बनाई जा रही सीसी रोड और नाली निर्माण का कार्य पिछले दो से ढाई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह कार्य केला ठेकेदार को सौंपा गया था, लेकिन आज तक काम को पूर्ण नहीं किया गया है। फलस्वरूप, जब भी किसी घर में शुभ कार्य होते हैं और उनका आयोजन इसी फंक्शन हॉल में किया जाता है, तो लोगों को कीचड़ और गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इस मैदान के पास ही गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा, भतकम्मा-गौरी पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों का आयोजन होता है।महिलाएं बड़ी श्रद्धा से फूलों से थाल सजाकर देवी की पूजा-अर्चना करती हैं। साथ ही शासन और प्रशासन द्वारा भी कई सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम इसी मैदान पर आयोजित किए जाते हैं। अधूरे कार्य के चलते इन आयोजनों की गरिमा भी प्रभावित हो रही है। नगर के लोगों का कहना है कि जब दो से ढाई साल तक कोई काम पूरा नहीं होता, तो यह केवल ठेकेदार की नहीं बल्कि नगर पंचायत के पार्षदों और जिम्मेदार अधिकारियों की भी जवाबदेही बनती है। ऐसे लापरवाह रवैये से विकास कार्यों की गति बाधित होती है और आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती है।स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और जिला अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरे कार्यों को पूरा कराया जाए और जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आगे से कोई भी जनहित कार्य इस तरह अधूरा न रह जाए।