पाहुरबेल की मातृशक्ति ने उठाया गांव में सुशासन लाने का बीड़ा

०  सरपंच, उप सरपंच और महिला पंचों ने गांव के समग्र विकास और हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए बढ़ाए कदम 
(अर्जुन झा)बकावंड। विष्णु का सुशासन लक्ष्मी स्वरूपा मातृशक्ति के दृढ़ संकल्प से बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत पाहुरबेल में फलीभूत होने जा रहा है। यहां की सरपंच, उप सरपंच और महिला पंचों ने पाहुरबेल में असली सुशासन लाने का फैसला किया है। गांव के समग्र विकास और हर घर एवं हर व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का बीड़ा इन वीरांगनाओं ने उठाया है।
पाहुरबेल में सरपंच और उप सरपंच दोनों महिला हैं। इसके अलावा ज्यादातर पंच भी महिलाएं हैं। सरपंच जितेंद्री बघेल, उप सरपंच ज्योति बघेल और महिला पंचों ने गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं को हर घर हर सदस्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उठा ली है। वे गांव की हर गली, हर घर में जाकर वहां के हालात का जायजा लेकर जरूरतों को अपने संज्ञान में ले रही हैं।
इन मातृशक्ति ने संकल्प लिया है कि गांव में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं को हर हितग्राही तक पहुंचाना है। गांव में नारीशक्ति का दम नजर आने लगा है। बीते 28 जुलाई को सरपंच जितेंद्री बघेल, उप सरपंच ज्योति बघेल और महिला पंचों ने गांव के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तथा का निरीक्षण किया, वहां की कमियां देखी और पढ़ाई का स्तर, मध्यान्ह भोजनएवं पोषणआहार की गुणवत्ता परखी। सरपंच और उप सरपंच ने कक्षाओं में जाकर बच्चों को पढ़ाया भी। उन्होंने आगे स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी जरूरतों को पंचायत के माध्यम से प्रयास कर शासन तक पहुंचाने और उनका निराकरण कराने का फैसला किया है। गांव के आवास हीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके सपनों का आशियाना उपलब्ध कराने, जरूरतमंदों एवं पात्र लोगों को शासन की तमाम योजनाओं का लाभ दिलाने ठोस पहल शुरू कर दी गई है। इस पहल में पूरी पंचायत के लोगों को सहभागी बनाने पाहुरबेल में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में गांव के मुखिया, पंच, कोटवार पटेल, स्कूलों के गुरुजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा अन्य गांव के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने नारे लगाए पंचायती राज जिंदाबाद, मातृशक्ति जिंदाबाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *