बीजापुर में एंटी नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, जनताना सरकार का उपाध्यक्ष गिरफ्तार

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने डल्ला आरपीसी जनताना सरकार के उपाध्यक्ष मोड़ियम सुक्कू को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना बासागुड़ा और कोबरा 210 की संयुक्त टीम ने कुम्हारपारा और धरमापुर के बीच क्षेत्र में सटीक सूचना के आधार पर की।

गिरफ्तारी के दौरान मोड़ियम सुक्कू (35 वर्ष) के पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। जब्त सामानों में एक टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी पावर सोर्स और जमीन खोदने के उपकरण शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ थाना बासागुड़ा में एक स्थायी वारंट भी लंबित था।

इस कार्रवाई के अलावा, सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन की “ई” और “एफ” कंपनियों ने लखपाल क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए 10 किलोग्राम वजनी आईईडी को भी बरामद कर निष्क्रिय किया। बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम की तत्परता से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *