ऑपरेशन साइबर शील्ड की बड़ी सफलता: गूगल विज्ञापन के जरिये सीमेंट बिक्री के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर रेंज साइबर थाना ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमेंट की फर्जी बिक्री के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को उत्तरप्रदेश और बिहार से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गूगल विज्ञापन के जरिये सस्ता अल्ट्राटेक सीमेंट बेचने का झांसा देकर देशभर में साइबर ठगी कर रहे थे।

इस कार्रवाई के पीछे रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश हैं, जिन्होंने साइबर अपराधियों के विरुद्ध साक्ष्य एकत्र कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

ऐसे हुआ मामला उजागर

अवंति विहार, रायपुर निवासी भारत भूषण गुप्ता (उम्र 41 वर्ष) ने तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि गूगल विज्ञापन में सस्ता अल्ट्राटेक सीमेंट मिलने की बात कहकर उनसे 8.80 लाख रुपये की ठगी की गई है। मामला गंभीर पाते हुए 25 दिसंबर 2024 को धारा 318(4), बी.एन.एस. के तहत अपराध क्रमांक 848/24 दर्ज कर रेंज साइबर थाना रायपुर को जांच सौंपी गई।

तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्य संकलन से पकड़े गए आरोपी

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल के बाद पुलिस टीम ने दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया:

  1. अजय सिंह (पिता नत्थू सिंह, उम्र 30 वर्ष), निवासी रुखाला, थाना छर्रा, अलीगढ़, उत्तरप्रदेश

  2. सुजीत सिंह (पिता नवल किशोर सिंह, उम्र 43 वर्ष), निवासी रामकृष्ण नगर, आदर्श विहार, पटना, बिहार

ठगी का नेटवर्क और कार्यप्रणाली

जांच में खुलासा हुआ कि अजय सिंह ग्राहकों से प्राप्त रकम को पहले म्यूल बैंक खातों में जमा करवाता था और बाद में उसे अपने निजी खातों में ट्रांसफर करता था। वहीं सुजीत सिंह इन म्यूल अकाउंट के ATM कार्ड का इस्तेमाल कर गुवाहाटी, सिलचर, अगरतला और पटना जैसे स्थानों से नकद निकासी करता था। दोनों आरोपी लंबे समय से इस तरह के फर्जी विज्ञापनों के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को ठगते आ रहे थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *