बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर ज़िले में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मुखबिरी के संदेह में नक्सलियों ने दो निर्दोष ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छुटवाई की है। हत्या की जिम्मेदारी स्मॉल एक्शन टीम, जगरगुंडा एरिया कमेटी ने ली है।
घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, करीब चार से पांच सशस्त्र नक्सली गांव में घुसे और 55 वर्षीय कवासी जोगा तथा 50 वर्षीय मंगलू कुरसम को उनके घर से बाहर बुलाया। इसके बाद दोनों की सरेआम धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इस नृशंस हत्या पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “सशस्त्र नक्सलवाद अब अंतिम दौर में है। अपनी हार देखकर नक्सली बौखलाहट में इस तरह की कायराना हरकतें कर रहे हैं। लेकिन बस्तर की जनता अब डरने वाली नहीं है। सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं और नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और सघन सर्चिंग अभियान जारी है।