रायपुर दक्षिण को विकास की नई सौगात, 15 करोड़ की स्वीकृति से होगा गौरवपथ का निर्माण

० विधायक सुनील सोनी के प्रयासों से सीएसईबी चौक से पचपेड़ी नाका तक सड़क चौड़ीकरण व गौरवपथ निर्माण को हरी झंडी

रायपुर। राजधानी रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है। क्षेत्रीय विधायक सुनील सोनी के सतत प्रयासों से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य बजट के अधोसंरचना मद से रायपुर नगर निगम क्षेत्रांतर्गत गौरवपथ निर्माण और सड़क चौड़ीकरण कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

इस बजट से सीएसईबी चौक से पचपेड़ी नाका तक के मुख्य मार्ग का उन्नयन किया जाएगा, जिसमें गौरवपथ निर्माण और चौड़ीकरण कार्य शामिल हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्य और नागरिक सुविधा दोनों को बल मिलेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक सुनील सोनी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र को एक विकसित और आधुनिक क्षेत्र के रूप में उभारा जाए। नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं।”

विधायक सोनी ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल अधोसंरचना के विकास में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *