बारिश में भी लहराया कांग्रेस का जनसैलाब, खड़गे बोले- अब मोदी जी बैसाखियों के सहारे

रायपुर। तेज बारिश और गीला मैदान भी लोगों के जोश को कम नहीं कर सका। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ में भारी भीड़ जुटी, जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला।

सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, “रायपुर से उठे सामाजिक न्याय के नारे ने 2024 में मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया। भाजपा ऐसी हालत में पहुंच गई है कि खुद की सरकार भी नहीं बना पाई। मोदी जी अब दो बैसाखियों पर चल रहे हैं – एक नीतीश बाबू और दूसरी तेलुगु देशम पार्टी। इनमें से किसी एक ने भी साथ छोड़ा, तो मोदी सरकार गिर जाएगी।”

खरगे ने छत्तीसगढ़ के सीएम पर भी कटाक्ष करते हुए कहा, “यहां के मुख्यमंत्री को बैठो कहो तो बैठ जाते हैं, उठो तो उठ जाते हैं। इतना अपमान झेल रहे हैं लेकिन पद नहीं छोड़ते। केंद्रीय गृहमंत्री पर हमला करते हुए उन्होंने पूछा, “शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आते हैं? क्या यहां उनका घर है या ससुराल?”

सभा में उमड़ी भीड़ को देखकर गदगद नजर आए खड़गे ने कहा, “इतनी बारिश में भी आपका यहां आना बताता है कि आप हमारे साथ हैं। जब जनता साथ है, तब हमें कोई नहीं हरा सकता।”

झूठों के सरदार हैं मोदी और उनके साथी

भाजपा की केंद्र सरकार को घेरते हुए खड़गे ने कहा, “इन लोगों ने छत्तीसगढ़ के जवानों और किसानों से धोखा किया है। ये लोग इतने झूठ बोलते हैं कि मैं इन्हें ‘झूठों का सरदार’ कहता हूं। डबल इंजन सरकार की अवधारणा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “एक छोटा इंजन और एक बड़ा इंजन—ऐसे में गाड़ी कैसे चलेगी? खड़गे ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “2025-26 में राज्य पर 47 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ गया है। हमारे समय में अगर एक रुपया भी कर्ज बढ़ता तो आंदोलन हो जाता था। अब कहां हैं वे लोग?”

पहलगाम हमला और प्रधानमंत्री की गैरमौजूदगी पर नाराजगी

हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए खड़गे ने कहा, “दो बार बैठक बुलाई गई, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं आए। यह न सिर्फ शर्मनाक है, बल्कि देश की जनता का अपमान भी है।” उन्होंने राहुल गांधी और खुद की मौजूदगी की ओर इशारा करते हुए कहा कि “हमने सरकार के साथ खड़े होकर एकजुटता दिखाई, लेकिन पीएम प्रचार में लगे रहे।”

भूपेश बघेल का हमला: ‘न किसान को खाद, न बच्चों को किताब’

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “स्कूल खुल चुके हैं लेकिन बच्चों को अब तक कॉपी-किताब नहीं मिली। किसान खाद के लिए परेशान हैं, एक बोरी भी डीएपी उपलब्ध नहीं हो रही। मोदी जी विदेशों में घूम रहे हैं लेकिन किसानों की चिंता नहीं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “केंद्र सरकार नकली खाद की आपूर्ति कर किसानों के साथ षड्यंत्र कर रही है।”
धान खरीदी को लेकर उन्होंने आशंका जताई कि “अगले साल 21 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी नहीं हो सकेगी।”

बस्तर मुद्दे पर बड़ा बयान

बघेल ने कहा, “बस्तर में 35-40 हजार युवा नक्सलियों के नाम पर गांव छोड़ने को मजबूर हैं। यह स्थिति बेहद गंभीर है। पहलगाम हमले के संदर्भ में उन्होंने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “जब देश एकजुट था, तब प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार के लिए बिहार चले गए।

बारिश में डटे रहे लोग, महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी

सभा के दौरान तेज बारिश और पानी से भरे मैदान में भी लोग कांग्रेस नेताओं को सुनते रहे। कई लोग छतरी और रेनकोट में डटे रहे, वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। सभा के अंत में ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के नारे गूंजे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *