बिलासपुर में ठगी का नया तरीका: खुद को एडिशनल एसपी बताकर एएसआई से 35 हजार की ठगी, एफआईआर दर्ज

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में ठगों ने अब पुलिसकर्मियों को भी अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जीआरपी में पदस्थ एक एएसआई से जुड़ा है, जिसे एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को रायपुर का एडिशनल एसपी बताकर 35 हजार रुपये की ठगी का शिकार बना लिया।

मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, जीआरपी में पदस्थ एएसआई विश्वनाथ चक्रवर्ती को एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को रायपुर का एडिशनल एसपी बताते हुए कहा कि वहां एक चोरी के आरोपी को पकड़ा गया है, जो बिलासपुर आकर चोरी का सोना बेचने की फिराक में है। आरोपी ने एएसआई से सोना खरीदने का नाटक करने को कहा ताकि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा जा सके।

इसके बाद ठग ने एक अन्य नंबर से एएसआई को एक लिंक और क्यूआर कोड भेजा, जिसके जरिए विश्वनाथ चक्रवर्ती ने 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो दोनों नंबर बंद मिले। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तत्काल तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सकरी में भी ऑनलाइन ठगी का मामला
इधर सकरी थाना क्षेत्र में भी ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अफसर बताकर एक अधेड़ व्यक्ति को कार्रवाई की धमकी दी और उससे साढ़े चार लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.5 लाख रुपये की राशि को होल्ड करवा लिया है। फिलहाल आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *