

0 माटवाडा़ के पास नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरा, एंबुलेंस के साथ खुद भी जाम में फंसे थे विधायक
0 जेसीबी, मजदूरों और कार्यकर्ताओं की मदद से मंडावी ने हटवाया पेड़
जगदलपुर। इन दिनों पूरे बस्तर संभाग में झमाझम बरसात हो रही है। संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में कुछ ज्यादा ही वर्षा हो रही है। लगातार बारिश से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। बीजापुर जिले में शनिवार आधी रात को तेज हवा के साथ बारिश होने से माटवाड़ा व बेचलर के बीच एक भारी भरकर पेड़ नेशनल हाईवे 63 पर गिर गया। पेड़ गिरने से आधी सड़क जाम हो गई। इस जाम में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी भी फंस गए।
सूत्रों ने बताया कि विधायक विक्रम मंडावी बीजापुर से परिवार सहित भैरमगढ़ के लिए रात में निकले थे। इनके पीछे जांगला से एक्सीडेंट में घायल ग्रामीण को लेकर एंबुलेंस भी चल रही थी वह एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। बरसते पानी में अपनी गाड़ी से नीचे उतरक विधायक विक्रम मंडावी एंबुलेंस के पास जा पहुंचे। उन्होंने मरीज और उनके परिजनों से हालचाल पूछा। भारी बारिश के बीच विधायक विक्रम मंडावी द्वारा भैरमगढ़ फोन लगाकर जेसीबी और युवा कार्यकर्ताओं को मौके बुलाया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया जा सका। इसके बाद विधायक विक्रम मंडावी ने पहले एंबुलेंस को आगे बढ़ने दिया फिर खुद सपरिवार अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। विदित हो कि कुछ दिन पूर्व इसी स्थान के आसपास नक्सलियों ने महाराष्ट्र के एक ट्रक में आगजनी कर दी थी। इस घटना ने लोगों नेशनल हाईवे से गुजरने पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया था। बावजूद विधायक विक्रम मंडवी ने अपनी जान की परवाह न कर घायल शख्स को लेकर जा रही एंबुलेंस की रवानगी पहले सुनिश्चित की। बीजापुर जिले में लगातार बारिश के संबंध में मौसम एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अरुण सकनी से जानकारी लेने बताया कि रुक रुक भारी बारिश हो रही है। जिले में अब 156 मिमी से ज्यादा बारिश होने अनुमान है। सही आंकड़े सोमवार को देने की बात कही।