
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इस क्रम में विधायक राजेश मूणत ने 433.37 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य का रायपुरा चौक में नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, बिजली विभाग के मुख्य अभियंता मधुकर जमुलकर, अधीक्षण अभियंता महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता वी.के. तिवारी एवं शिव गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने, जोन आयुक्त क्रमांक 8 राजश्री पटेल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
किन इलाकों में होगा कार्य
यह अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य मनुआस रियल्टी मैरिज पैलेस चौक रायपुरा से प्रतिमा हार्डवेयर, गोल चौक के पास डीडी नगर, मंजीत टावर, कामाख्या रेस्टोरेंट और राजा बैटरी से सन्नी ट्रेडर्स तक किया जाएगा।
विधायक श्री मूणत ने बताया कि केबलिंग का कार्य पूर्ण होते ही लोक निर्माण विभाग द्वारा चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा, जिससे यातायात बाधाओं में कमी आएगी और राहगीरों को राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बिजली तारों को भूमिगत करने से बिजली के खंभे हट जाएंगे, जिससे सड़क और चौड़ी हो सकेगी। आगे उनका प्रयास विवेकानंद आश्रम से अनुपम गार्डन तक अंडरग्राउंड वायरिंग कराने का है।
अन्य विकास कार्यों की घोषणा
- भेस थान क्षेत्र में रिक्त भूमि पर वर्किंग वूमन हॉस्टल निर्माण के लिए ₹17 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, निविदा प्रक्रिया जारी है।
- ठक्कर बापा वार्ड में जल संकट को देखते हुए ₹19 करोड़ की लागत से पानी टंकी और पाइपलाइन निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है।
- सरस्वती नगर थाना के पास आमनाका बस डिपो की भूमि पर मल्टी परपस स्पोर्ट्स हॉल निर्माण के लिए भी पहल की जा रही है।
श्री मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे, इसके लिए वे संकल्पित हैं और हर स्तर पर प्रयासरत हैं।