0 खाद की किल्लत को लेकर होगा आंदोलन
0 भाजपा नेताओं के संरक्षण में प्रतिदिन 100 टन लौह अयस्क की चोरी
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के चरण पादुका योजना में चप्पल जूता वितरण करने के निर्णय कमीशनखोरी के लिए है।भाजपा सरकार अपने कुछ पूंजीपति चप्पल जूता निर्माताओं से कमीशन लेकर तेंदूपत्ता संग्राहकों से मनपसंद चरण पादुका खरीदने का अधिकार छीन रही है। भाजपा का नारा है चंदा दो धंधा लो।
पीसीसी चीफ दीपक बैज जगदलपुर में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस की सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को मन पसंद चप्पल खरीदने के लिए योजना के माध्यम से नगद राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की थी। नगद राशि ट्रांसफर करने से तेंदूपत्ता संग्राहक अच्छी कम्पनी के जूते चप्पल स्थानीय बाजार से खरीदते थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा केंद्र कि भाजपा सरकार हर योजना में नगद राशि हितग्राहियों के खातों में सीधे ट्रांसफर करने की बात करती है। वहीं राज्य की भाजपा अपना खजाना काली कमाई से भरने नगद ट्रांसफर योजना को बंद कर समान वितरण की नीति बना रही है। भाजपा सरकार अपने केंद्र सरकार की नीति नहीं मान रही है। कमीशन के लालच में गुणवत्ताहीन चप्पल, जूते खपाने की साजिश रची गई है। रमन सरकार में तेंदूपत्ता संग्रहकों चरण पादुका देने. में भारी भ्रष्टाचार हुआ था। उस दौरान खराब क्वालिटी की रंग बिरंगी चप्पलें खरीदी गई थी। तेंदूपत्ता संग्राहकों को जो चप्पलें दी गई थीं उसमें हर जोड़ी में नंबर और रंग अलग अलग थे। तेंदूपत्ता संग्राहकों को इस प्रकार की चप्पल देकर उनका अपमान किया जाता था। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू की गई चरण पादुका के लिए नगद राशि खाते में जमा कराने की योजना को जारी रखी जाए। बढ़ती महंगाई को हिसाब से चरण पादुका योजना में दी जानी वाली राशि मे वृद्धि किया जाए।
खाद बीज का संकट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि खरीफ की बुवाई खाद और बीज की कमी के कारण प्रभावित हो रही है। डबल इंजन की सरकार को छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की समस्या की परवाह नहीं है। मानसून आ चुका है, पूरे प्रदेश में खरीफ फसल के बुवाई की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है, लेकिन प्रदेश में खाद और बीज की समुचित व्यवस्था यह सरकार नहीं कर पाई है। प्रदेश के ज्यादातर सोसाइटी में किसानों को डीएपी की कमी से जूझना पड़ रहा है। बीज भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते किसान परेशान हैं। पहले कहा गया डीएपी के बदले एनपीके उर्वरक दिया जाएगा। अब एनपीके की भी कमी हो गई है। श्री बैज ने कहा- भाजपा सरकार नहीं चाहती कि किसान भरपूर उपज ले सकें। छत्तीसगढ़ के किसानों की खाद के कुल आवश्यकता की मांग को मोदी सरकार ने खारिज करते हुए समुचित सप्लाई करने से मना कर दिया है। लेकिन भाजपा के सांसद और प्रदेश की सरकार इस केंद्र सरकार के भेदभाव और छत्तीसगढ़िया किसानों की उपेक्षा पर मौन हैं। सरकार एक सप्ताह के भीतर सभी सोसायटी मे पर्याप्त खाद बीज उपलब्ध नहीं कराएगी तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन चलाएगी। 25 जून से 30जून के बीच सोसायटी के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
रोज 100 टन लोहे चोरी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा जिला प्रशासन, एनएमडीसी, पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से प्रतिदिन 100 टन लौहअयस्क की चोरी हो रही है, जिसके चलते बस्तर जिले को करोड़ों रुपए की राजस्व हानि हो रही है। यह सिंडीकेट तत्काल प्रभाव से रुकना चाहिए आखिर ओवर लोडिंग माल बैलाडीला से क्यों भरा जा रहा है और बैलाडीला से ओवर लोडिंग माल भरने के बाद रायकोट में जब माल खाली हो रहा है तो वहां पर खनिज विभाग के अधिकारी क्यों नहीं बोल रहे हैं? सरकार इस पर क्यों कार्रवाई नहीं कर रही हैं?और ओवर लोडिंग रैक ट्रकों में गिराकर माल चोरी हो रहा है वह आज तक पकड़ा क्यों नहीं गया है? दरअसल भाजपा सरकार के संरक्षण में यह कार्य खुलकर किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायकद्वय रेखचंद जैन व चंदन कश्यप, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, राजेश राय, संतोष सेठिया, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन,महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय बिसाई, निकेत झा, महेश ठाकुर, हनुमान द्विवेदी, अंगद त्रिपाठी, रामशंकर राव, रविशंकर तिवारी, सहदेव नाग, आदित्य बिसेन,संजय पाणिग्रही, पार्षद शुभम यदु, जस्टिन भवानी, अनुराग महतो, शादाब अहमद, एस नीला, मुन्नालाल कश्यप, लोकेश नंदा, रंगाराव, खीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।