घोटाले में लिप्त पूर्व महापौर को कोर्ट ने किया तलब, महापौर संजय पांडे करवाएंगे एफआईआर – सुशील मौर्य

0 शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांगा मेयर से स्पष्टीकरण 

जगदलपुर। शहर जिला कांग्रेस ने पूर्व महापौर सफीरा साहू द्वारा महापौर निधि में किए गए कथित घोटाले को लेकर प्रेसवार्ता की। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कांग्रेस पार्टी ने आरटीआई के माध्यम से पूर्व महापौर सफीरा साहू द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए पूर्व महापौर को 20 जून को हाजिर होने का आदेश दिया है। कुल मिलाकर कांग्रेस पार्टी जो कहती थी उस पर मोहर लगा दिया गया है। पूर्व महापौर सफीरा साहू ने शहर के वार्डो में जमकर भ्रष्टाचार किया है। कांग्रेस पार्टी ने इस भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश राय सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों ने एक लंबी लड़ाई लड़ी है।न्यायालय में हमारे एडवोकेट संकल्प दुबे के द्वारा इस विषय पर कार्य कर अंजाम तक पंहुचाया गया। भाजपा आरोप लगाती थी उस पर ये कुछ नहीं कर पाए पर कांग्रेस पार्टी ने पूर्व महापौर सफीरा साहू के भ्रष्टाचार की परतें खुलवा दी हैं तो क्या महापौर संजय पांडे पूर्व महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएंगे? सुशील मौर्य ने कहा कि आम जनता के धन की बंदरबाट पूर्व महापौर सफीरा साहू ने की है, उसे लेकर संजय पांडे का क्या स्टैंड है इसको उन्हें सार्वजनिक रूप से क्लियर करना चाहिए। साथ ही किसी भी जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन द्वारा अगर भ्रष्टाचार किया जाएगा तो कांग्रेस पार्टी न्यायालय के माध्यम से सजा दिलाने का कार्य करेगी बस्तर में किसी अफसरशाही हावी नहीं होने दिया जाएगा। सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सफीरा साहू पर महापौर निधि के करोड़ों रुपयों के भ्रष्टाचार का मुद्दा यूं तो तत्कालीन मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने जोरशोर से उठाया था, वर्तमान महापौर संजय पांडे उस दौरान सफीरा साहू को पैर के नाखून से लेकर सर के बाल तक भ्रष्टाचार में डूबे होना बताया था, पर पूर्व सफीरा साहू के भाजपा प्रवेश करते ही भाजपा ने इस बहुचर्चित महापौर निधि घोटाले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। भाजपा के आरोपों की जांच और आरोपों को सिद्ध करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी और पूर्व निगम उप नेता प्रतिपक्ष राजेश राय ने आरटीआई के माध्यम से भ्रष्टाचार को उजागर किया और न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय ने भी तथ्यों और सबूतों को ध्यान में रखते हुए पूर्व महापौर सफीरा साहू को 20 जून को न्यायालय में हाजिर होने का आदेश दिया है कुल मिलाकर कांग्रेस ने अंजाम तक पंहुचाने का कार्य किया है। अधिवक्ता संकल्प दुबे ने बताया न्यायलय के सामने हमने अपना पक्ष रखा था और नए कानून के एनएसएस में जो प्रोविजन है और इसके तहत जो अभियुक्त होता है उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिलता है और इसी के तहत पूर्व महापौर सफीरा साहू को न्यायालय ने तलब किया है। अगर वह न्यायालय में पेश नहीं होती है तो न्यायालय अपना आगे का निर्णय लेगा और हम चाहते हैं कि पूर्व महापौर आएं, अपना स्पष्टीकरण दें और जो भी मामला बनेगा पूरा रजिस्टर्ड होगा और उसे अंजाम तक पहुंचाने का कार्य हम करेंगे।नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने इसे सच्चाई की जीत की दिशा में न्यायालय के बढ़ते कदम बताया है और कहा है कि भाजपा भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों से समझौता कर सकती है, उन्हें अपनी पार्टी में लेकर संरक्षण दे सकती है परंतु कांग्रेस पार्टी न कभी भ्रष्टाचार के साथ समझौता किया है और न करेगी।जनता की गाढ़ी कमाई को जो भी डकारना चाहेगा उसके खिलाफ हम हमेशा खड़े रहेंगे। प्रेसवार्ता में प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, रविशंकर तिवारी, संजय पाणिग्रही, शुभम यदु, आभाष महंती, ज्योति राव, सायमा अशरफ, शादाब अहमद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *