0 नगर पालिका सीएमओ ने दिया अपर कलेक्टर के निर्देश का हवाला
0 बालोद के अफसरों को भाजपा नेताओं से परहेज
दल्लीराजहरा। लगता है बालोद जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को भाजपा नेताओं से एलर्जी होती है, खासकर बालोद के अपर कलेक्टर और दल्ली नगर राजहरा नगर पालिका के सीएमओ को। यहां होने वाले किसी भी कार्यक्रम से स्थानीय भाजपा नेताओं को दूर रखने की कोशिश की जाती है। नगर पालिका द्वारा 13 जून को सुबह 7 बजे से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर भी शामिल हो रही हैं। इस कार्यक्रम के आयोजक मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र वाडेकर द्वारा दल्लीराजहरा के भाजपा नेताओं को आमंत्रण नहीं दिया गया जो कि गंभीर चूक है। भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने बताया कि इस संबंध मे नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू से चर्चा करने पर उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र वाडेकर ने कहा है कि अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने भाजपा नेताओं को आमंत्रण देने से मना किया है। जिसके बाद भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा कि ये अधिकारी भाजपा की सरकार में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं। ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री जायसवाल ने नाराजगी भरे लहजे में कहा है कि अपर कलेक्टर और सीएमओ की शिकायत शीघ्र भाजपा संगठन के जिला व प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ ही मुख्यमंत्री तक की जाएगी। गौरतलब हो कि सीएमओ वाडेकर इसके पूर्व भी नगर पालिका चुनाव पश्चात शपथ ग्रहण समारोह के आमंत्रण पत्र जारी करने के मामले में विवादों में घिर गए थे। वे भाजपा के जनप्रतिनिधियों और नेताओं की घोर उपेक्षा करते रहे हैं।