सुकमा। विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 02वीं बटालियन ने सुकमा जिले में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह बटालियन विगत कई वर्षों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात है और सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है।
पांच जून को आयोजित इस अभियान की अगुवाई रति कान्त बेहेरा, कमांडेंट, 02वीं बटालियन ने की। पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन बटालियन मुख्यालय सबरीनगर सुकमा के साथ-साथ रामाराम, चिंतागुफा, मिनपा, मुर्कराजकोंडा और दुलेर के कैम्प परिसरों में किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, अनामी शरण, चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, उप कमांडेंट भास्कर भट्टाचार्य, सहायक कमांडेंट राजीव कुमार सहित अनेक अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान आम, अमरूद, आंवला, नीम, कटहल, सीताफल, बरगद, गुलमोहर सहित अन्य छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। जवानों ने पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण हटाना” पर संकल्प लेते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और सुकमा की जैव विविधता को संरक्षित करने की दिशा में पहल की।
इस अवसर पर पवन कुमार ने जवानों को संबोधित करते हुए वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “वृक्ष हैं जीवन का आधार, इन्हें बचाना हमारा अधिकार।” साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में अब तक 02वीं बटालियन द्वारा 1500 पौधे लगाए जा चुके हैं, और सुकमा के विभिन्न इलाकों में कुल 25,000 से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनकी देखभाल जवान स्वयं कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को समझाते हुए सभी जवानों और अधिकारियों ने प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ ली।