रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा मंत्री विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आज सिविल लाईन थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी, जो एक सम्मानित सैन्य अधिकारी हैं, उन्हें आतंकवादियों की बहन और बेटी कहकर अपमानित किया। उन्होंने कहा, “यह टिप्पणी एक ऐसे परिवार के प्रति थी जो अपने प्राणों की आहुति देने के लिए तैयार रहता है। कर्नल सोफिया कुरैशी को दस महत्वपूर्ण सैन्य मेडल मिल चुके हैं और उनका परिवार देश की सेवा में समर्पित है। ऐसे सम्मानित परिवार की बेटी पर इस तरह की टिप्पणी करना भारत की गरिमा को ठेस पहुँचाने जैसा है।”
इसके अलावा, उपाध्याय ने यह भी बताया कि विजय शाह का यह विवादित बयान पहला नहीं था, इससे पहले भी वे बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन के बारे में भी इसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके थे। कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की है कि वे अपने मंत्रीमंडल में ऐसे विवादों से घिरे मंत्री को बर्खास्त करें ताकि भाजपा का सम्मान बना रहे।
आज सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सिविल लाईन थाना पहुंचे और मंत्री विजय शाह पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस मौके पर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, कमलाकांत शुक्ला, दिनेश ठाकुर सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।