0 जल कर नहीं देने वालों के नाम होंगे सार्वजनिक
0 टुल्लू पंप होंगे जप्त, होगी कार्रवाई भी: निगम सख्त
जगदलपुर। वित्तीय वर्ष 2024-25 के जलकर की वसूली बहुत ही कम है वर्ष 2024 -25 के पूर्व के बकाया व वर्तमान वित्तीय वर्ष के जलकर की शत प्रतिशत वसूली करने सोमवार से अभियान चालू किया जाएगा। शहर वासियों पर जल कर के 4 करोड़ 72 लाख 72 हजार रुपए बकाया हैं। इसकी वसूली के लिए नगर निगम बड़ा अभियान सोमवार से छेड़ेगा। बकायादारों के नाम बड़े बड़े अक्षरों में सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए जाएंगे।
नगर पालिका निगम जगदलपुर के पीएचई अमले द्वारा अभियान चलाकर जलकर की वसूली की जाएगी। इसे लेकर आज शनिवार को पीएचई ऑफिस में जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा की उपस्थिति में पीएचई के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि 2024 -25 मे जल कर की मांग 7 करोड़ 67 लाख 45 हजार है। जबकि की जलकर वसूली 31 मार्च तक 2 करोड़ 91 लाख 73 हजार की ही हो पाई है। जिसका प्रतिशत 38.16 है।नगर पालिका निगम जगदलपुर के 48 वार्ड में नल कनेक्शन लेने वालों की संख्या 22311 है। जिसमें 3051 लोगो से 10 हजार रुपए से ज्यादा जल कर का बकाया है. जिसमें 4 करोड़ 12 लाख 08 हजार की जलकर वसूली बकाया है। सहायक राजस्व निरीक्षक एवं पंप ऑपरेटर मिलकर जलकर की वसूली करेंगे।
गुप्ता का कड़ा संदेश
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने कहा जगदलपुर के महापौर संजय पांडे के दिशा निर्देश से राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा एवं अधिकारियों के साथ हमारी आज बैठक हुई. जिसमें सोमवार से जलकर वसूली करने का निर्देश दिया गया है। 1 महीने के अंदर अधिकारियों को जलकर वसूलने कहा गया है। टुल्लू पंप जप्ती का भी निर्देश दिया है। जल कर अगर नहीं देते हैं तो चिन्हित करके नल कनेक्शन काटे जाएंगे। बड़े कर दाताओं के नाम भी उजागर किए जाएंगे। अवैध नल कनेक्शनों को काटा भी जाएगा।
संग्राम राणा ने की अपील
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा कि सभी बकायादारों से जलकर की राशि जमा कराकर असुविधा से बचने की अपील की गई है। इस बैठक में मुख्य रूप से सहायक अभियंता पीएचई एचएल नेताम, सब इंजीनियर संजीव कर्ण सहित कर्मचारी उपस्थित थे।