0 जांच के बाद ही भुगतान करने की उठाई मांग
दल्ली राजहरा। भाजपा नेता मनोज दुबे पिंटू उपाध्याय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पर 15वें वित्त आयोग की राशि में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मनोज दुबे ने कहा है कि पूर्व कांग्रेसी नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान के सामान आपूर्तिकर्ता ठेकेदार से सांठगांठ कर जेम पोर्टल के माध्यम से गुणवत्ताहीन सामान की खरीदी की गई थी। इन सामानों की दर मार्केट दर से लगभग 3 से 4 गुना ज्यादा दी गई है। मामले की जांच के बाद ही भुगतान करने की मांग मनोज दुबे पिंटू उपाध्याय ने की है। उन्होंने कहा है कि पूर्व कांग्रेसी नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा नगर पालिका दल्ली राजहरा में 15वें वित्त की राशि से टाइड ग्रांट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत वाहन उपस्कर, बेलिंग मशीन, पानी टैंकर, ई कार्ट फार गार्बेज, मोबाइल टायलेट, इंसीनेटर यूनिट, नाला मैन, सक्शन मशीन ट्वीन बिन (स्टील), ट्राइसाइकिल, टोइंग ट्रेलर मशीन जेम पोर्टल से खरीदी की गई थी। नगर पालिका दल्ली राजहरा जेम पोर्टल के बायर द्वारा अध्यक्ष के दबाव में इसकी निविदा जेम पोर्टल से जारी की गई। जिसमे अपने खास ठेकेदारों को कार्य दिलाने हेतु खुद के द्वारा बनाए गए नियम शर्तों की झड़ी लगाकर जेम की शर्तों को दर किनार कर दिया गया था।नगर पालिका द्वारा खरीदे जा रहे सामानों की प्रवृति अलग अलग होने के बाद भी खरीदी हेतु एक सामन नियम शर्त लगाई गई है। उक्त सामान दल्ली राजहरा नगर पालिका में ठेकेदार द्वारा दिया गया है जो कि बाजार मूल्य से 3 गुना दर पर सप्लाई की गई है और गुणवत्ताहीन है। इन सभी तथ्यों की जांच की जाए तो आने वाले समय में इरा खरीदी प्रक्रिया में एक बड़ा घोटाला उजागर होगा। मनोज दुबे पिंटू उपाध्याय ने सीएमओ से आग्रह किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा अपने खास ठेकेदार को दबाव पूर्वक कार्य दिलाने हेतु बनाए गए नियम शर्तों और सप्लाई किए गए सामानों की गुणवत्ता की जांच किए जाने के उपरांत ही भुगतान की कार्यवाही की जाए।