0 दुर्ग के दरिंदे के खिलाफ फूटा राजहरा में गुस्सा
0 पूर्व नपा अध्यक्ष पुरोबी वर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने निकाला मार्च
दल्ली राजहरा। संभाग मुख्यालय दुर्ग में एक अबोध बच्ची के साथ हैवानियत को लेकर खनिज नगरी दल्ली राजहरा की मातृशक्ति उबल पड़ी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री पुरोबी वर्मा बच्ची से दुराचार और उसकी हत्या को लेकर बेहद व्यथित और क्षुब्ध नजर आईं।
सर्व समाज समरसता समिति के आव्हान पर दल्ली राजहरा शहर में रैली निकाल कर स्टॉप रेप के नारे के साथ प्रदर्शन किया गया। समिति की महिलाएं दुर्ग में अबोध बच्ची के साथ हुए कृत्य के मामले की जांच और आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए एक ज्ञापन स्थानीय तहसीलदार को सौंपा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेत्री पुरोबी वर्मा के साथ पचासों महिलाओं ने इस रैली में भाग लिया। इस दौरान पुरोबी वर्मा ने कहा कि जिस राक्षस से यह कृत्य किया है, उसे सरेआम फांसी दी जानी चाहिए। उस हैवान ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। उसके घर भी तो बहन बेटियां होंगी, उनकी मर्यादा का भी ध्यान उस राक्षस नहीं रखा। पुरोबी वर्मा ने कहा कि अबोध बच्ची से दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले शख्स के लिए फांसी की सजा भी कम है। उसे ऎसी सजा दी जानी चाहिए कि वह जिंदा लाश बनकर रह जाए और अपनी करनी की सजा वह सड़ सड़ कर भोगे। समाज उसका हमेशा तिरस्कार करता रहे। पुरोबी वर्मा ने दुर्ग के वकीलों के आरोपी का केस न लड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे वकील भाई सब मिलकर उस दरिंदे को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए पहल करें तो और बेहतर होगा। पुरोबी वर्मा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और पुलिस महानिदेशक ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। हमारी सरकार आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए भी प्रयासरत है। कांग्रेस द्वारा इस संवेदनशील मुद्दे पर की जा रही राजनीति को पुरोबी वर्मा ने घृणित कदम बताते हुए उसकी निंदा की है।