रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में सदस्यता ग्रहण करने का सिलसिला लगातार जारी है। रायपुर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-01 से जनता कांग्रेस (जोगी) की टिकट पर निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य संदीप यदु ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, विधायकगण मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, इंद्रकुमार साहू, और रायपुर (ग्रामीण) जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम नारंग सहित अन्य नेतागण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्तागण मौजूद थे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और कार्यशैली से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 60 लाख से अधिक भाजपा सदस्य बनाए जा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, भाजपा एक वैचारिक पार्टी है जो जन सेवा को प्रभु सेवा मानकर कार्य करती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में हो रहे सभी वर्गों के कल्याण और विकास कार्यों का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा का सदस्य बनना उन लोगों का निर्णय है जो अपनी पार्टी से नाराज होकर, भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले, भाजपा में हजारों लोगों ने सदस्यता ग्रहण की है, जिनमें अन्य राजनीतिक दलों के लोग भी शामिल हैं।