0 ईडी की कार्रवाई के विरोध में 3 मार्च को होगा जंगी प्रदर्शन
0 पीसीसी चीफ दीपक बैज ने ईडी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि ईडी अपनी सीमाओं से परे जाकर भाजपा के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित कर रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस 3 मार्च को ईडी दफ्तर का घेराव करेगी।
दीपक बैज ने कहा है कि ईडी ने कांग्रेस के सुकमा जिला कार्यालय के निर्माण के संबंध में जानकारी मांगी थी। ईडी को जानकारी देने गए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को ईडी ने जबरिया 9 घंटे रोके रखा। ईडी की कार्यप्रणाली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि ईडी जांच करे, कांग्रेस उसमें पूरा सहयोग करेगी, लेकिन यदि ईडी जबरिया कांग्रेस नेताओं से दुर्व्यवहार करेगी तो उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। ईडी भारतीय जनता पार्टी के एजेंट की भांति काम कर रहा है। भाजपा राज्य में विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। ईडी के अधिकारी भी अपने शासकीय कर्मचारी होने की मर्यादा को भूलकर भाजपा कार्यकर्ता की भांति काम कर रहे हैं। कांग्रेस इसका विरोध करती है तथा ईडी की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस रायपुर के सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी दफ्तर का घेराव करेगी।कांग्रेस ने मांग की है कि सिर्फ कांग्रेस का ही क्यों वह भाजपा के भी खर्चों की पड़ताल करे? ईडी में साहस है तो वह भाजपा के 150 करोड़ रू. की लागत से बने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे को बनाने का रुपया कहां से आया इसकी जांच करे? कुशाभाऊ ठाकरे परिसर फाईव स्टार होटल की तर्ज पर बनाया गया है। रायपुर में ही भाजपा के कार्यालय एकात्म परिसर की जमीन राजनैतिक दल के कार्यालय के लिये भाजपा ने 1 रू. में हासिल किया था। एकात्म परिसर को व्यवसायिक काम्प्लेक्स में तब्दील कर दिया गया जहां से डेढ़ करोड़ रूपया किराया भाजपा वसूलती है ईडी उसकी जांच करेगी?