जांच एजेंसियों के सहारे कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश कर रही है भाजपा : मलकीत सिंह गैदू

0 प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह का आरोप 
0  आठ घंटे तक ईडी ने की मलकीत सिंह से पूछताछ 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने केंद्र सरकार और भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार और भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों के सहारा लेकर अपनी तानाशाही चला रही हैं। इन जांच एजेंसियों की मदद से भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों को कमजोर करने का कुत्सित प्रयास कर रही है।
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले को लेकर ईडी ने पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था। कवासी लखमा अभी ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल में हैं। कहा जाता है कि शराब घोटाले की रकम का बड़ा हिस्सा राजीव भवन, कोंटा, सुकमा में कांग्रेस कार्यालय भवन और सुकमा में कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी के बंगला निर्माण में खर्च किया गया है। शराब घोटाले के तार कथित रूप से कांग्रेस पार्टी से जुड़े होने के कारण कुछ दिनों पहले ईडी की एक टीम रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंची थी। जहां प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू से ईडी के अधिकारियों ने पूछताछ की थी। इसके बाद ईडी ने गुरुवार को फिर अपने दफ्तर में मलकीत सिंह गैदू को तलब किया था। इस बार मलकीत सिंह आठ घंटे तक पूछताछ की गई। बताते हैं कि ईडी के अधिकारियों ने श्री गैदू से कांग्रेस कार्यालयों में लगी शराब घोटाले की रकम, कोंटा और सुकमा में कार्यालय भवन निर्माण, ठेकेदारों के नाम आदि समेत चार बिंदुओं पर पूछताछ की। मलकीत सिंह गैदू इन चारों बिंदुओं पर लिखित जानकारी युक्त जवाब लेकर ईडी दफ्तर पहुंचे थे। 8 घंटे की पूछताछ के बाद मलकीत सिंह गेंदू ईडी कार्यालय से बाहर निकले और उन्होंने कार्यकताओं का अभिवादन किया एवं पत्रकारों से चर्चा की। इस संवाददाता से विशेष चर्चा में कांग्रेस नेता मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में मदमस्त होकर तानाशाही पर उतर आई है। हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज लगातार भाजपा सरकारों की पोल खोल रहे हैं और जनता को सच्चाई से अवगत करा रहे हैं। इससे केंद्र सरकार बौखला गई है और अपनी नाकामियां छुपाने के लिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को टारगेट कर रही है। ईडी, सीबीआई, इन्कमटैक्स विभाग आदि केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद से कांग्रेस और विपक्षी दलों को कमजोर करने का प्रयास भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहा है। मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि हम कांग्रेसी ऐसे हथकंडों के आगे टूटने या झुकने वाले नहीं हैं। भाजपा जितनी हमें तोड़ने की कोशिश करेगी हम उतने ही मजबूत होकर उभरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *