प्रदेश में पहली बार जेलों के अंदर बंदियों ने किया गंगाजल से पुण्य स्नान

 

0 गुलाब की पंखुड़ियों से सुवासित गंगाजलयुक्त पानी से नहाकर धन्य हुए कैदी 
0 उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की थी शानदार पहल 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। अपराध या तो मजबूरी में किए जाते हैं, या फिर इरादतन और निहित उद्देश्य के कारण। अपराधी भी मानव समाज के अंग हैं। धर्म के प्रति उनमें भी आस्था रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा ने राज्य की जेलों में बंद कैदियों को भी गंगाजल से पुण्य स्नान का लाभ दिलाने की पहल की है। आज 25 फरवरी को बंदी गुलाब की पंखुड़ियों की खुशबू से महकते गंगाजल मिश्रित पानी से स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
हमारे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की रचनात्मक पहल का कोई मुकाबला नहीं है। उनकी ऎसी क्रिएटिविटी के दर्जनों उदाहरण देखने को मिले हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने राज्य की सेंट्रल जेलों, जिला जेलों और उप जेलों में निरुद्ध बंदियों को आज महाशिवरात्रि के मौके पर गंगाजल से स्नान कराकर नया इतिहास रच दिया है। आज दुनिया भर के लोग प्रयागराज महाकुंभ में जाकर त्रिवेणी में पवित्र स्नान कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी महाकुंभ में स्नान करने गए थे। तभी उन्होंने छत्तीसगढ़ की जेलों में बंद कैदियों को भी गंगाजल से स्नान का लाभ दिलाने का संकल्प लिया था। वापस आने के बाद उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व पर जेलों में गंगाजल स्नान की तिथि निर्धारित की थी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर आज राज्य की 5 सेंट्रल जेलों, 20 जिला जेलों और 8 सब जेलों में कैदियों को गंगा जल से स्नान कराया जा रहा है।आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान के लिए कैदियों ने गंगाजल युक्त पानी से स्नान किया। महाकुंभ और महाशिवरात्रि के ऐतिहासिक एवं पावन अवसर पर कैदियों को आध्यात्मिक लाभ देने के लिए साय सरकार ने उत्कृष्ट की पहल की है। कैदियों के गंगा स्नान के लिए जेल प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। कैदियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि सरकार बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम चलाती रहेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संस्कार हमारी संस्कृति से जुड़े हैं और यह हमारी परंपराओं का एक अभिन्न हिस्सा है। समाज में सुधार और पुनर्वास की भावना के तहत यह निर्णय लिया गया है, जिससे कैदियों में आत्मशुद्धि और नैतिकता के भाव उत्पन्न हों। उन्होंने यह भी कहा कि यह महाकुंभ 144 साल बाद हो रहा है और हर व्यक्ति को इसका लाभ उठाने का अधिकार है। इसी सोच के तहत जेलों में बंद कैदियों को भी इस आध्यात्मिक अवसर से जोड़ा जा रहा है। श्री शर्मा की पहल पर आज जेलों में गंगा स्नान की खास व्यवस्था की गई थी। गंगाजल से भरे पानी टैंकों में गुलाब फूलों की पंखुड़ियां भी डाली गई थीं। महकते गंगाजल से नहाने के लिए कैदियों में होड़ सी मच गई थी। इस साल का महाशिवरात्रि पर्व कैदियों के लिए अविस्मरणीय बन गया। निश्चय ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की यह पहल कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *