रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित और डिजिटलीकरण को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस दौरान राज्य नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है, जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और जलवायु परिवर्तन पर भी कार्य किया जा रहा है। 69 लाख से अधिक महिलाएं महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
कल्याणकारी और समावेशी होगा नया बजट – मुख्यमंत्री
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले बजट में “मोदी की गारंटी” को पूरा किया गया था, और इस बार का बजट भी कल्याणकारी व समावेशी होगा। उन्होंने कहा कि सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के हर संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि छत्तीसगढ़ में “ट्रिपल इंजन” की सरकार बनने से अब नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि अगला विधानसभा सत्र नए भवन में आयोजित किया जाएगा।