सरपंच पति, सचिव की पत्नी और शिक्षक के खातों में पहुंची सड़क मरम्मत के नाम पर राशि

०  सड़क मरम्मत कराए बिना निकाल लिए लाखों रुपए 
०  सतोषा-1 पंचायत में सचिव- सरपंच का खेल 
(अर्जुन झा) बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत सतोषा-1 में कागजों पर सड़क मरम्मत कराकर लाखों रूपयों की राशि हजम करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी बिल लगाकर लगभग 5 लाख की राशि सरपंच पति धरमू राम कश्यप और मोहलई के शिक्षक बलदेव कश्यप और पंचायत सचिव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पत्नी के खातें में मई 2023 में ट्रांसफर कर दी गई। वहीं आंगनबाड़ी भवन मरम्मत के नाम पर भी राशि की बंदरबांट करने का आरोप ग्रामीणों लगाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत सतोषा-1 में तेतरगुड़ा से मरदामुंडा मार्ग एवं आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत के नाम पर 14वें एवं 15वें वित्त की राशि में घपलेबाजी की गई है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच- सचिव ने फर्जी बिल पेश किए और राशि की बंदरबांट की है। सड़क मरम्मत एवं अन्य कार्यों को सिर्फ कागजों में कराए जाने को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। तेतरगुड़ा से मरदामुंडा तक सड़क मरम्मत के नाम पर राशि का आहरण किया गया है। इसका जियो टैग नंबर 76324160 है। 21 मई 2023 को एक लाख रूपए पंचायत के खाते से डीएससी के माध्यम से बलदेव कश्यप के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। बलदेव कश्यप पेशे से सरकारी शिक्षक और मोहलई संकुल के समन्वयक भी हैं। बलदेव कश्यप के नाम से दूसरी दफे भुगतान 3 जून 2023 को किया गया है जिसका टेग नं. 58810786 है। इसी प्रकार सड़क मरम्मत के नाम पर 21 मई 2023 को पंचायत खाते से डी.एस.सी के माध्यम से धरमू राम कश्यप के खाते में एक लाख 50 हजार ट्रांसफर किए गए हैं, जिसका टैग नं. 76324160 है। धरमू राम उसी पंचायत की सरपंच के पति हैं। जिनके नाम से आंगनबाड़ी में दरवाजा खिड़की मरम्मत के नाम पर 10 जून 2024 को 15 हजार ट्रांसफर किए गए हैं। उसी सड़क मरम्मत के नाम पर 21 मई को लछिम कश्यप के खाते में 50 हजार ट्रांसफर किए गए हैं। बताया गया है कि लछिम कश्यप पंचायत सचिव की पत्नी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है।

हुई ही नहीं सड़क मरम्मत

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिस सड़क मरम्मत के नाम पर लाखों रूपयों का भुगतान किया गया है। उक्त सड़क पर मुरूम डालना तो दूर क्या एक फावड़ा तक नहीं चलाया गया है। कागजी कार्रवाई पूर्ण कर शासकीय राशि की बंदरबांट कर ली गई है। सरपंच और सचिव ने सांठगांठ से फर्जी बिल तैयार कर अपने रिश्तेदारों के खातों में राशि ट्रांसफर करा ली है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मोहलई संकुल समन्वयक बलदेव कश्यप ने इस बात को स्वीकार किया है कि सतोषा पंचायत-1 से उनके खाते में दो-तीन बार राशि ट्रांसफर की गई है। यह राशि लगभग 250 ट्रेक्टर मुरूम ढुलाई के एवज में दी गई है। सरपंच पति से संपर्क नहीं होने के कारण उनकी प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी।

वर्सन:
ग्रामीणों के आरोप झूठे
सड़क मरम्मत एवं आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य कराया गया है, जिसके एवज में सरपंच पति, शिक्षक एवं अन्य ट्रेक्टर मालिकों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई है। चुनाव के कारण ग्रामीण झूठे आरोप लगाकर सरपंच सचिव को बदनाम कर रहे हैं।
-महेश कश्यप,
पंचायत सचिव, सतोषा

वर्सन
होगी मामले की जांच मामले की जांच कराई जाएगी जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-परमेश्वर कुर्रे,
जनपद सीईओ बकावंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *