रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को मिली निर्णायक बढ़त के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार जताया और इसे भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और कुशल रणनीति का परिणाम बताया।
सीएम साय ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया और संगठन की रणनीति ने इस चुनाव में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों से जो जन विश्वास बढ़ा है, वह जनादेश में बदलता दिख रहा है। उन्होंने जनता से वादा किया कि पार्टी और सरकार उनके आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत के साथ काम करेगी।