जशपुर। छत्तीसगढ़ में नगर पालिका चुनाव के परिणामों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने ईवीएम (EVM) में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए सत्ता पक्ष पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। खासकर जशपुर नगर पालिका चुनाव के बाद, कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा देना शुरू कर दिया है।
जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशी रातभर स्ट्रांग रूम के बाहर बिस्तर लगाकर निगरानी कर रहे हैं, उनका कहना है कि ईवीएम में छेड़छाड़ हो सकती है, इसलिए वे खुद पहरा देकर निष्पक्षता सुनिश्चित कर रहे हैं।
11 फरवरी को प्रदेश के 10 प्रमुख नगर निगमों और 49 नगर पालिकाओं में मतदान हुआ था, और अब 15 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
प्रदेश भर में 72.19% मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों का प्रतिशत 73.07%, महिलाओं का 71.66% और तृतीय लिंग का 19.75% रहा। बिलासपुर और रायपुर जैसे जिलों में मतदान का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम था, जबकि कुछ जिलों में मतदान का प्रतिशत अधिक था।