न्यायालय के फैसले से कांग्रेस को मिला करारा जवाब – डॉ. विजय शंकर मिश्रा

० भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की अनदेखी के आरोप

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग संपर्क समिति के प्रदेश प्रभारी डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने धमतरी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा द्वारा नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ दायर याचिका को उच्च न्यायालय द्वारा खारिज करना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही थी।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि भूपेश बघेल और कांग्रेस के अन्य नेताओं को अब भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और लोकतंत्र की हत्या जैसे निराधार आरोप लगाने बंद कर देने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस खुद को लोकतंत्र की रक्षक बताती है, लेकिन असल में यह देश की सबसे अलोकतांत्रिक पार्टी है।

उन्होंने बताया कि धमतरी महापौर चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार विजय गोलछा का नामांकन रिटर्निंग अधिकारी ने निगम में ठेकेदारी कार्य से जुड़े होने के कारण अधिनियम की धारा 17 के तहत रद्द कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर प्रदेशभर में भाजपा सरकार को बदनाम करने की कोशिश की। मगर जब यह मामला उच्च न्यायालय में गया तो न्यायमूर्ति विभु दत्त गुरु ने इस याचिका को खारिज कर दिया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को हर बार न्यायालय में मुँह की खानी पड़ती है, क्योंकि वह मिथ्या प्रलाप कर जनता को गुमराह करने में जुटी रहती है। उन्होंने कांग्रेस को कानून तोड़ने वाली पार्टी बताते हुए सवाल किया कि बिलासपुर में जब प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी, तो भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकालकर कानून की धज्जियां क्यों उड़ाईं?

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की आदत बन चुकी है कि जब भी कोई निर्णय उसके खिलाफ आता है, वह उसकी वैधता पर सवाल उठाती है, बजाय इसे स्वीकार करने के। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के अनर्गल आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक असफलता को छुपाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *